images (2)

रुद्रपुर शहर के एएनझा इंटर कॉलेज में शनिवार को बड़ा हादसा टल गया, जब पढ़ाई के दौरान कक्षा की छत पर लगा पंखा अचानक टूटकर दो छात्रों पर आ गिरा। हादसे में कक्षा नौ का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके पास बैठा दूसरा छात्र भी चोटिल हुआ।

जानकारी के अनुसार, प्रीत विहार कॉलोनी निवासी संगम शनिवार दोपहर नियमित रूप से स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। पांचवें पीरियड के दौरान शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ा रहे थे। इसी बीच छत पर चल रहा पंखा अचानक अपनी जगह से उखड़कर संगम के सिर पर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर से काफी खून बहने लगा। पास में बैठा छात्र वैष्णव भी पंखे की चपेट में आकर घायल हो गया। घटना से सहपाठी घबरा गए और स्कूल प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।

घायल छात्र को शिक्षक एम.एम. जोशी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसके सिर पर टांके लगाए। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि पंखे को थामने वाली लोहे की रॉड या फिटिंग कमजोर होने के कारण यह हादसा हुआ। मामले में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजपति बिंद ने बताया कि हादसा नए भवन में संचालित कक्षा नौ-डी में हुआ। उन्होंने भवन के जर्जर होने की बात से इनकार करते हुए कहा कि पंखा गिरने की घटना सही है। पंखे की रॉड कमजोर थी या कोई बोल्ट निकल गया था, इसकी जांच कराई जाएगी और दोष मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!