Kishanganj-Police-Rescue-13-Girls-in-Major-Anti-Trafficking-Raid-(1)-1783308740034_m (1)

बिहार के किशनगंज में पुलिस मुख्यालय के विशेष अभियान ‘नया सवेरा 3.0’ के तहत मानव तस्करी और देह व्यापार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस की विशेष टीम ने शहर के बदनाम खगड़ा रेड एरिया में अचानक सामूहिक छापेमारी कर नेपाल समेत देश के अलग-अलग हिस्सों की 13 लड़कियों को सुरक्षित मुक्त कराया है। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से देह व्यापार रैकेट की संचालिका समेत पांच मुख्य आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

पाक्सो एक्ट में मुकदमा

पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ पाक्सो (POCSO) एक्ट और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। यह पूरी कार्रवाई किशनगंज पुलिस अधीक्षक (SP) के सख्त निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) चन खुशरू सिराज के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम द्वारा अंजाम दी गई। पुलिस बल के अचानक खगड़ा रेड एरिया में दाखिल होते ही अवैध धंधे में लिप्त अपराधियों और संचालकों के बीच हड़कंप मच गया।

विभिन्न जिलों की युवतियां

सघन तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने नेपाल के अलावा पश्चिम बंगाल, सीतामढ़ी, सहरसा, पूर्वी चंपारण, औरंगाबाद तथा मोतिहारी जैसे विभिन्न जिलों से लाई गईं 13 युवतियों को रेस्क्यू किया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मुक्त कराई गई सभी पीड़ित महिलाओं और युवतियों का तुरंत मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। इसके बाद इन सभी को सुरक्षित रूप से न्यायालय में प्रस्तुत कर नियमानुसार आगे की काउंसलिंग और पुनर्वास की उचित प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पांच आरोपी गिरफ्तार

एसडीपीओ चन खुशरू सिराज ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि छापेमारी के दौरान देह व्यापार के इस बड़े नेटवर्क से जुड़े पांच सक्रिय लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में खगड़ा माछमारा की स्थानीय निवासी माया, ममता और शमीना शामिल हैं। इनके अलावा सीतामढ़ी जिले के रीगा निवासी खिरदीन आलम तथा सहरसा के सदर थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद कलाम को भी दबोचा गया है।

अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रेस्क्यू की गई सभी युवतियों के मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए जा रहे हैं ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके। पुलिस इस पूरे रैकेट में मानव तस्करी (Human Trafficking) के अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े चेहरों के पहलुओं की भी गहराई से जांच कर रही है। पकड़े गए सभी आरोपियों को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।

जारी रहेगा सख्त अभियान

एसडीपीओ ने साफ किया कि ‘नया सवेरा 3.0’ अभियान के तहत मानव तस्करी, देह व्यापार, बाल श्रम और महिलाओं के शोषण के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जिलेभर में ऐसे अवैध और घिनौने कारोबार में शामिल किसी भी रसूखदार या अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस त्वरित और बड़ी कार्रवाई के बाद से सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय मानव तस्करों के सिंडिकेट में पूरी तरह से खौफ का माहौल है।

error: Content is protected !!