मुंबई। पान मसाला के कथित परोक्ष प्रचार को लेकर अभिनेता अजय देवगन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस को चुनौती देते हुए अजय देवगन ने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया है। उन्होंने अपनी याचिका में नोटिस को गलत बताते हुए इसे जारी किए जाने के तरीके पर सवाल उठाए हैं।
अजय देवगन ने याचिका में कहा है कि संबंधित निर्माता कंपनी के बजाय उन्हें मनमाने ढंग से नोटिस जारी किया गया। इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश महेश चंद्र त्रिपाठी और न्यायमूर्ति अद्वैत सेठना की खंडपीठ चार नवंबर को सुनवाई कर सकती है।
पान मसाला के परोक्ष प्रचार का आरोप
एफडीए ने अजय देवगन को ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन में नजर आने को लेकर नोटिस जारी किया था। विभाग का आरोप है कि इलायची के विज्ञापन के माध्यम से महाराष्ट्र में प्रतिबंधित पान मसाला का परोक्ष प्रचार किया गया। इसी मामले में अभिनेता शाहरुख खान और टाइगर श्रॉफ को भी नोटिस जारी किए गए थे।
एफडीए ने जांच में नियमों के उल्लंघन की बात कही
महाराष्ट्र एफडीए के आयुक्त तुकाराम मुंढे के मुताबिक, विभाग ने अजय देवगन, शाहरुख खान और टाइगर श्रॉफ के खिलाफ कथित नियम उल्लंघन की जांच पूरी कर ली है। विभाग का दावा है कि जांच में नियमों का उल्लंघन पाया गया है।
आयुक्त के अनुसार, मामले को अगले सप्ताह निर्णय के लिए संबंधित अधिकारी के पास भेजा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अजय देवगन के हाईकोर्ट जाने के बावजूद विभाग अपनी कार्रवाई जारी रखेगा।
अब इस मामले में सबकी निगाहें बॉम्बे हाईकोर्ट की सुनवाई पर टिकी हैं। अदालत में अजय देवगन की याचिका पर क्या रुख अपनाया जाता है और एफडीए की कार्रवाई पर इसका क्या असर पड़ता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।
