प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के बाकी हिस्से और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन कर दिया है। 82.15 किमी लंबा पूरा हाई-स्पीड कॉरिडोर जनता के लिए शुरू हो गया है। करीब 82.15 किलोमीटर (70 किमी एलिवेटेड और 12 किमी भूमिगत) लंबाई वाली नमो भारत और मेरठ मेट्रो परियोजना लगभग 30,274 करोड़ रुपये में तैयार हुई है।
देश की सबसे पुरानी पार्टी कितनी दिवालिया, कितनी दरिद्र हो गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “कांग्रेस ने नेताओं ने वहां जो कुछ किया वह दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कितनी दिवालिया, कितनी दरिद्र हो गई है… कांग्रेस तो अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है।”
कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI Impact Summit हुआ। दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए। दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक कभी नहीं हुआ। लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतार कर पहुंच गए। मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्या पड़ी।
ये हमारी सरकार का सौभाग्य रहा कि हमें चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न देने का सौभाग्य मिला।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मेरठ, हापुड़ और आसपास के क्षेत्र ने चौधरी चरण सिंह जी के विजन को शुरुआती दौर से देखा है। ये हमारी सरकार का सौभाग्य रहा कि हमें चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न देने का सौभाग्य मिला। भाजपा की डबल इंजन की सरकार उनके विजन पर चलते हुए किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। अब तक यूपी के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत लगभग 95 हजार करोड़ रुपए मिल चुके हैं।
आज विकसित देश भारत के साथ जुड़ने के लिए उत्सुक हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के अनेक विकसित देश आज भारत के साथ व्यापारिक समझौते कर रहे हैं। आज विकसित देश भारत के साथ जुड़ने के लिए उत्सुक हैं। क्योंकि उनको भारत के विकास में अपना भविष्य दिखता है… उनको भारत की युवाशक्ति में उम्मीद दिखती है। आज दुनिया को लगता है कि भारत वो ताकत है, जो 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान दे सकती है।
एक ही स्टेशन, एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो रेल चलेगी
पीएम मोदी ने कहा कि सराय का लेखां, आनंद विहार, गाजियाबाद और मेरठ इन स्टेशनों पर भारतीय रेल, मेट्रो और बस अड्डों को आपस में जोड़ा गया है। देश में ये पहली बार हो रहा है जब एक ही स्टेशन, एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो रेल चलेगी। यानी, एक ही प्लेटफॉर्म से आप शहर के भीतर भी यात्रा कर पाएंगे और उसी स्टेशन से सीधे दिल्ली भी आ-जा सकते हैं।
कांग्रेस की सरकार चाह कर भी विकसित देशों के साथ समझौते नहीं कर पाती थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “आप आजकल देख रहे हैं कि दुनिया के लोगों के मन में भारत के प्रति कितनी आस्था है। दुनिया के अनेक विकसित देश आज भारत के साथ व्यापारिक समझौते कर रहे हैं। एक समय था जब कांग्रेस की सरकार चाह कर भी विकसित देशों के साथ समझौते नहीं कर पाती थी क्योंकि तब घोटालों के लिए बदनाम कांग्रेस सरकार से समझौते करने में दुनिया को हिचक होती थी लेकिन आज विकसित देश भारत के साथ जुड़ने के लिए उत्सुक हैं… आज दुनिया को लगता है कि भारत वह ताकत है जो 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान दे सकता है।”
हमने घोटाले भी बंद किए और देश को आत्मनिर्भरता के रास्ते पर भी आगे बढ़ाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि “कांग्रेस, समाजवादी पार्टी की जब दिल्ली में सरकार थी तब यह सब संभव ही नहीं था क्योंकि तब इंफ्रास्ट्रक्चर की परियोजनाएं घोटालों में ही गुम हो जाती थी। मेट्रो जैसी और उससे जुड़ी अधिकतर तकनीक भी हमें विदेशों से आयात करनी पड़ती थी। हमने घोटाले भी बंद किए और देश को आत्मनिर्भरता के रास्ते पर भी आगे बढ़ाया…”
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत मेट्रो के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा नेटवर्क बन चुका है। यूपी में मेरठ के अलावा भी कई सारे शहरों में मेट्रो का काम चल रहा है। बीते 11 वर्षों में देश के दर्जनों शहरों तक मेट्रो पहुंची… क्योंकि भाजपा सरकार देश की जनता को सुविधा देना चाहती है पीएम मोदी ने कहा कि पहले यहां शाम होते ही यहां पूरे रूट में सन्नाटा छा जाता था। यहां डर और भय का माहौल होता था। अब एक तरफ कानून व्यवस्था भी सुधरी है और दूसरी तरफ लोगों को सुविधापूर्ण और सुरक्षित यात्रा का भी माध्यम मिला है। मुझे खुशी है कि नमो भारत रैपिड रेल… ये नारीशक्ति के सामर्थ्य का प्रतीक भी बनी है। इसमें ट्रेन ऑपरेटर, स्टेशन कंट्रोल स्टाफ… ऐसे अधिकतर काम में हमारी बेटियां ही कार्यरत हैं, बेटियां ही नेतृत्व कर रही हैं।
अब परियोजनाएं पहले की तरह लटकती, भटकती नहीं है।
पीएम मोदी ने काह कि हमारी कार्य संस्कृति है कि जिस काम का शिलान्यास किया जाए, उसे पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर दिया जाए। इसलिए अब परियोजनाएं पहले की तरह लटकती, भटकती नहीं है।
