मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान के कोटा में संयुक्त कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपियों में से दो के रविवार को हुई गोलीबारी में शामिल होने का संदेह है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, राजस्थान एजीटीएफ और कोटा सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की। तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे, तभी उन्हें कोटा रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया गया।
मुंबई से ट्रेन में सवार होकर हुए थे फरार
प्रारंभिक जांच के अनुसार, गोलीबारी के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए मुंबई से फरार हो गए थे। वे महाराष्ट्र की सीमा पार कर गुजरात की ओर गए और बाद में ट्रेन से यात्रा कर रहे थे। पुलिस अब उनकी भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग है। दूसरे आरोपी ऋतिक कुमार का मूल निवास बिहार के बेगूसराय जिले में बताया गया है। वह वर्तमान में मुंबई के अंधेरी वेस्ट में रहता है। तीसरा आरोपी रेहान हरियाणा के सोनीपत जिले का निवासी बताया गया है।
पहले की थी टाइगर श्रॉफ की रेकी
जांच एजेंसियों को संदेह है कि हमलावरों ने वारदात से पहले टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखी थी। आरोपियों को जानकारी थी कि अभिनेता रविवार को जुहू फुटबॉल ग्राउंड आते हैं। इसी आधार पर उनकी गतिविधियों की निगरानी कर हमला करने का मौका चुने जाने की आशंका है। बताया जा रहा है कि गोलीबारी के बाद आरोपी एसवी रोड से विले पार्ले और अंधेरी की ओर जाने वाले रास्ते से भागे। उन्होंने अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास अपनी मोटरसाइकिल छोड़ दी और ट्रेन में सवार हो गए। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से की मुलाकात
घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार रात टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचे। उन्होंने अभिनेता और उनके परिवार से मुलाकात कर सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। शिंदे के मुताबिक, घटना में टाइगर श्रॉफ के बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोटें आई हैं। अभिनेता और उनकी मां आयशा श्रॉफ इस घटना से सदमे में हैं। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सार्वजनिक हस्तियों को धमकाने जैसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग के पीछे की वजह, संभावित साजिश और अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
