pexels-photo-36133198

साहेबगंज। थाना क्षेत्र के गुलाब पट्टी पंचायत अंतर्गत हिम्मत पट्टी-गुलाब पट्टी चौड़ के समीप गुरुवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब नगर परिषद क्षेत्र के गुलाब पट्टी वार्ड 02 की 20 वर्षीय युवती 220 केवी हाई-वोल्टेज ट्रांसमिशन लाइन के टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। करीब चार घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद अधिकारियों की सूझबूझ और समझाइश से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, युवती सुबह 8:30 बजे कांटी (मुजफ्फरपुर)-गोपालगंज 220 केवी ट्रांसमिशन लाइन के टावर पर चढ़ गई, जो कि हिम्मत पट्टी से सटे गुलाब पट्टी पंचायत में है। युवती के चढ़ने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

सुबह करीब 9:30 बजे इसकी सूचना साहेबगंज थाना को दी गई। सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और युवती के पिता को बुलाकर उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरैया एसडीपीओ सुश्री अभिजीत कौर एवं अंचलाधिकारी साहेबगंज पिंकी राय भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने युवती और उसके पिता से बातचीत कर पूरी स्थिति को समझा।

युवती से करती है प्यार

युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी एक युवती से प्रेम करती है और उसी से विवाह करने की जिद पर अड़ी है। परिवार ने पिछले वर्ष उसकी शादी कहीं और तय करने का प्रयास किया था, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया था। उसका कहना था कि वह केवल उसी युवती से शादी करेगी, जिससे वह प्रेम करती है।

काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद भी युवती अपनी जिद पर अड़ी रही। अंत में उसने शर्त रखी कि जिस युवती से वह प्रेम करती है, उससे उसकी फोन पर बात कराई जाए।

पुलिस और प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसकी बात मान ली। फोन पर बातचीत होने के बाद युवती का गुस्सा शांत हुआ और वह स्वेच्छा से टावर से नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस युवती को साहेबगंज थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस और प्रशासन की सतर्कता, धैर्य और सूझबूझ के कारण एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।

error: Content is protected !!