देवभूमि के प्रतिष्ठित राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी को बम से उड़ाने की एक सनसनीखेज धमकी मिलने के बाद पूरे कॉलेज प्रशासन और छात्र-छात्राओं में हड़कंप मच गया। यह धमकी भरा संदेश कॉलेज के प्राचार्य की आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुआ, जिसके बाद एहतियातन कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और सभी शैक्षणिक गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, प्राचार्य कार्यालय को जैसे ही इस संदिग्ध और धमकी भरे ईमेल की जानकारी हुई, उन्होंने बिना देरी किए स्थानीय पुलिस प्रशासन और उच्चाधिकारियों को इससे अवगत कराया। ईमेल की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने एमबीबीएस से लेकर एमडी और एमएस तक की सभी नियमित कक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित कर दी हैं। विद्यार्थियों को सुरक्षा की दृष्टि से परिसर में अनावश्यक रूप से न घूमने और अपने हॉस्टलों या घरों में सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में भी खलबली मच गई। आनन-फानन में पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीमें मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंचीं। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे कॉलेज परिसर, हॉस्टलों, लाइब्रेरी और प्रशासनिक भवनों में सघन जांच और सर्च अभियान शुरू कर दिया है। डॉग स्क्वायड की मदद से चप्पे-चप्पे को खंगाला जा रहा है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को टाला जा सके। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि स्टाफ और हजारों छात्र-छात्राओं की सुरक्षा उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है, इसलिए पूरी तरह ‘क्लीन चिट’ मिलने के बाद ही पठन-पाठन कार्य शुरू किया जाएगा। गौरतलब है कि उत्तराखंड में पिछले कुछ समय से इस तरह के श्होक्स ईमेलश् या धमकी भरे संदेशों का सिलसिला बढ़ा है। इससे पूर्व उत्तराखंड उच्च न्यायालय और कई जिला न्यायालयों को भी इसी प्रकार की धमकियां मिल चुकी हैं। लगातार मिल रही इन धमकियों ने साइबर सेल और खुफिया तंत्र की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अब ईमेल के आईपी एड्रेस और स्रोत को ट्रैक करने में जुटी है ताकि इस शरारत या साजिश के पीछे छिपे चेहरों को बेनकाब किया जा सके।
