गदरपुर। नगर में पुलिस ने कार से 85 किलो प्रतिबंधित मांस बरामद किया जबकि उसे ले जाने वाले तस्कर पुलिस को चकमा देकर भाग गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बृहस्पतिवार की सुबह चेकिंग के दौरान पुलिस ने करतारपुर रोड पर तेज रफ्तार से आ रही सिल्वर रंग की सेंट्रो कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन काशीपुर रोड की ओर मोड़ दिया। पुलिस ने वाहन का पीछा किया और ग्राम मुकंदपुर मार्ग के सामने कार को लावारिस हालत में बरामद किया। पुलिस के अनुसार वाहन का एक्सल टूटने के कारण चालक और अन्य तस्कर उसे छोड़कर भाग निकले। कार की तलाशी लेने पर डिग्गी में दो प्लास्टिक के कट्टों से 45 और 40 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस और चार गोवंशीय पैर बरामद हुए। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रवि खुल्वे ने प्राथमिक जांच में बरामद मांस को प्रथम दृष्टया गोवंशीय बताया है।
सीओ बाजपुर अखलेश कुमार ने बताया कार को सीज कर दिया गया है। चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
