depositphotos_6187523-stock-photo-dead-man

रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में सड़क किनारे एक ट्रक चालक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने युवक को सड़क किनारे बेसुध पड़ा देखा तो मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

एसएसआई महेश कांडपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन कपड़ों की तलाशी के दौरान मिले पहचान पत्र से उसकी शिनाख्त उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के नवीगंज निवासी संजीव पुत्र कैलाश के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतक के चेहरे पर हल्की चोट के निशान मिले हैं।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि नशे की हालत या मिर्गी का दौरा पड़ने से वह सड़क पर गिर गया होगा, जिससे चोट आई। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। सीओ विभव सैनी ने बताया कि संजीव सिडकुल क्षेत्र में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत था। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!