सितारगंज। डीजे के बकाया 700 रुपये मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव लौका निवासी डीजे संचालक जलालुद्दीन ने बताया कि नवंबर 2025 में गांव पंडरी निवासी अभिषेक ने 1,200 रुपये में डीजे बुक किया था। 500 रुपये अग्रिम देने के बाद उसने शेष रकम नहीं दी। आरोप है कि एक मार्च की रात अभिषेक ने उसे पंडरी रोड स्थित एक बाइक रिपेयरिंग की दुकान पर बुलाया। वहां अभिषेक, राजवीर, कन्हैया, अनिल और कुंदन ने उसे पीट दिया।
इस दौरान अनिल ने उसके सिर पर चाकू से वार कर दिया जबकि बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त हरेंद्र के पेट में भी चाकू मार दिया। दोनों घायलों को उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की जिसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
