police-1024x576

रुद्रपुर। साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जिले भर में एक साथ अभियान चलाया। इस दौरान 179 संदिग्धों से पूछताछ कर चार को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 13 का चालान काटते हुए म्यूल खातों और फर्जी सिम नेटवर्क की भी जांच की। अचानक हुई इस कार्रवाई से चिह्नित लोगों में हड़कंप मचा रहा। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गुरुवार को जिले भर में एक साथ आपरेशन साइबर हाटस्पाट के तहत चिन्हित साइबर हाटस्पाट और संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस, साइबर सेल चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान 179 संदिग्ध व्यक्तियों का भौतिक सत्यापन किया गया। वहीं 81 पुलिस एक्ट के तहत 13 चालान किए गए और चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि अभियान के दौरान साइबर अपराध में संदिग्ध लोगों के साथ ही म्यूल बैंक खातों से जुड़े खाताधारकों की भी जांच की गई। उनके ठिकानों पर पहुंचकर गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। इसके अलावा फर्जी सिम उपलब्ध कराने वाले लोगों और सिम डिस्ट्रीब्यूटर्स के प्रतिष्ठानों की भी जांच-पड़ताल की गई। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि अभियान के दौरान खटीमा में सबसे अधिक 60 व्यक्तियों का सत्यापन हुआ और 81 पुलिस एक्ट में सात चालान किए गए। काशीपुर में 46 लोगों का सत्यापन हुआ, जहां छह चालान, चार गिरफ्तारियां और एक व्यक्ति को नोटिस दिया गया। जसपुर में 16, दिनेशपुर में 25, सितारगंज में आठ, गदरपुर में आठ, बाजपुर में छह, रुद्रपुर में तीन, नानकमत्ता में चार और आइटीआइ क्षेत्र में तीन व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। इसके अलावा पुलिस ने संदिग्धों की काउंसलिंग भी की। साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे म्यूल बैंक खातों और फर्जी सिम के नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही है। बताया कि डिजिटल अरेस्ट, आनलाइन जाब फ्राड और वित्तीय धोखाधड़ी में म्यूल खातों या फर्जी सिम का इस्तेमाल करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

error: Content is protected !!