images (6)

हरिद्वार। शहर कोतवाली क्षेत्र के मायापुर में शुक्रवार देर रात एक युवक को निशाना बनाने पहुंचे हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान युवक के साथ लिव-इन में रह रही युवती गोली लगने से घायल हो गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक घायल युवती राजीव नगर की रहने वाली है और खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है। वह मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में अंश नाम के युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।

बताया गया कि शुक्रवार रात कुछ युवक अंश को निशाना बनाने के इरादे से उसके घर पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान अंश पर गोली चलाई गई, लेकिन युवती बीच में आ गई और गोली उसके बाजू में जा लगी। घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार अंश के खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।

सीओ सिटी सिसुपाल सिंह नेगी ने बताया कि झगड़े के दौरान गोली चलने से युवती घायल हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही गई है।

error: Content is protected !!