ठगी5

बिटकॉइन कारोबार में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 13.35 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने 10 हजार डॉलर के निवेश पर रोजाना 300 से 500 डॉलर तक मुनाफा दिलाने का लालच दिया। पीड़ित ने अलग-अलग तारीखों में बैंक खातों के माध्यम से 13,35,323 रुपये आईएमटी मार्केट डॉट कॉम के कारोबार खाते में जमा कर दिए। बाद में वेबसाइट पर उसके खाते में करीब 20 हजार डॉलर की रकम दिखाई गई, लेकिन रकम निकालने की कोशिश करने पर निकासी रोक दी गई। शिकायत के आधार पर डालनवाला पुलिस ने कार्तिक अग्रवाल और आईएमटी मार्केट डॉट कॉम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि जून 2026 में उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने अपना नाम कार्तिक अग्रवाल बताया और कहा कि वह बिटकॉइन कारोबार करने वाली कंपनी में काम करता है। कार्तिक ने विजय को बताया कि 10 हजार डॉलर के खाते पर रोजाना 300 से 500 डॉलर तक का लाभ कमाया जा सकता है। इसके लिए उसने आईएमटी मार्केट डॉट कॉम पर 20 लाख रुपये जमा करने को कहा।

आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग तारीखों में बैंक के जरिये कुल 13,35,323 रुपये जमा कर दिए। शिकायत के अनुसार, ये रकम आईएमटी मार्केट के मनी कलेक्टरों के भारतीय बैंक खातों में भेजी जाती थी। भुगतान करने के बाद पीड़ित को उसकी रसीद या स्क्रीनशॉट वेबसाइट पर अपलोड करने के लिए कहा जाता था। इसके बाद रकम उसके ऑनलाइन कारोबार खाते में दिखाई देने लगती थी। कुछ समय बाद पीड़ित को इस कारोबार पर संदेह हुआ। उन्होंने अपने खाते में दिखाई जा रही करीब 20 हजार डॉलर की रकम निकालने का प्रयास किया, लेकिन वेबसाइट की ओर से निकासी की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने कार्तिक से बातचीत भी की, जिसकी रिकॉर्डिंग उनके पास होने की बात पुलिस को बताई है। पीड़ित ने 15 सितंबर को राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कार्तिक अग्रवाल, मनी कलेक्टरों और आईएमटी मार्केट डॉट कॉम के खिलाफ कार्रवाई के साथ रकम वापस दिलाने की मांग की है। डालनवाला पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर निरीक्षक अश्विनी बलूनी को जांच सौंपी है। थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि पुलिस अब बैंक खातों में हुए लेनदेन, मनी कलेक्टरों और आरोपी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!