देहरादून। वीएमएसबी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय में पांच परिसर संस्थानों के निदेशक पदों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। 25 सितंबर 2026 को निदेशक पदों के लिए साक्षात्कार संपन्न होने के बाद अब 5 अक्टूबर को होने वाली कार्य परिषद की बैठक में भर्ती प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा।
कार्य परिषद की बैठक के एजेंडे में संशोधित General Recruitment Rules (GRR) और विज्ञापन को अनुमोदित करने के साथ ही पहले की गई भर्ती कार्रवाई को कार्येत्तर स्वीकृति देने का प्रस्ताव शामिल किया गया है।
एजेंडे के अनुसार, पांचों निदेशक पदों के साक्षात्कार पूरे हो चुके हैं। चयन समिति की संस्तुतियां राज्य सरकार को सीलबंद लिफाफे में भेजी जा चुकी हैं। साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों से संस्थानवार Institute-wise Preference भी ली गई थी।
प्रतिनियुक्ति को लेकर मामला हाईकोर्ट में लंबित
इस बीच निदेशक पदों की भर्ती प्रक्रिया को केवल प्रतिनियुक्ति (Deputation) तक सीमित किए जाने को लेकर मामला हाईकोर्ट में लंबित बताया जा रहा है। ऐसे में साक्षात्कार के बाद भर्ती नियमों और प्रक्रिया में प्रस्तावित बदलाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सवाल यह भी है कि अलग-अलग निदेशक पदों के लिए आवेदन और शुल्क लिए जाने के बाद साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी होने पर नई संस्थानवार preference किस आधार पर ली जाएगी। इसके अलावा पांच निदेशक पदों के लिए छह अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की स्थिति में चयन प्रक्रिया को किस आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा, यह भी कार्य परिषद के निर्णय के बाद स्पष्ट होगा।
5 अक्टूबर की बैठक पर नजर
साक्षात्कार और चयन समिति की संस्तुतियां पूरी होने के बाद अब कार्य परिषद की बैठक में संशोधित नियमों, विज्ञापन और पूर्व में की गई भर्ती कार्रवाई को लेकर निर्णय होना है। ऐसे में 5 अक्टूबर की बैठक के फैसले से निदेशक भर्ती प्रक्रिया की आगे की दिशा स्पष्ट होने की उम्मीद है।
