काशीपुर में देर रात हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय पॉलीटेक्निक छात्र अभय लोहिया की मौत हो गई। हादसा दड़ियाल रोड पर रात करीब 11 बजे हुआ। अभय हल्द्वानी से जसपुर लौट रहा था, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्राला ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि अभय गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को सूचना दी।
अभय काशीपुर राजकीय पॉलीटेक्निक में पढ़ाई कर रहा था। वह जसपुर कोतवाली में तैनात हेड मोहर्रिर प्रकाश राम लोहिया का बेटा था। प्रकाश राम लोहिया पिछले करीब दो वर्षों से जसपुर कोतवाली में तैनात हैं।
अभय तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसके भाई का नाम अजय लोहिया और बड़ी बहन का नाम रश्मी लोहिया है। परिवार मूल रूप से हल्द्वानी के मोटा हल्द्वा, अर्जुनपुर का रहने वाला है।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
