रुद्रपुर। पिछले दो दिनों से बदले मौसम ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बेमौसम बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचा है। पहले से ही सरकारी धान खरीद शुरू होने का इंतजार कर रहे किसानों की चिंता अब और बढ़ गई है। गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह हुई बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं। कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई, जिससे खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
किसानों का कहना है कि सरकारी धान खरीद समय पर शुरू नहीं होने से वे पहले ही परेशान हैं। अब मौसम की मार ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। किसानों को आशंका है कि फसल को नुकसान पहुंचने से उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है। किसानों ने जिलाधिकारी से प्रभावित क्षेत्रों में धान की फसल को हुए नुकसान का सर्वे कराकर आकलन कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने जल्द से जल्द सरकारी धान खरीद शुरू करने की अपील की है।
किसान राजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि बेमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। अब उन्हें प्रशासन से फसल नुकसान के आकलन और राहत की उम्मीद है।
