पंतनगर। नगला बाजार में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को सोमवार को व्यापारियों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। एक दुकान में स्मार्ट मीटर लगाए जाने की जानकारी मिलते ही व्यापारी आक्रोशित हो गए और मीटर को उखाड़कर फेंक दिया। विरोध में भाजपा और कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता भी व्यापारियों के समर्थन में उतर आए। बढ़ते विरोध को देखते हुए विद्युत विभाग को स्मार्ट मीटर लगाने का काम रोकना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे स्मार्ट मीटर लगाने वाली टीम नगला बाजार पहुंची थी। टीम ने पन्ना नामक दुकानदार के प्रतिष्ठान पर स्मार्ट मीटर लगा दिया। इसकी जानकारी आसपास के दुकानदारों को मिली तो वे एकत्र होकर विरोध करने लगे। व्यापारियों का कहना था कि उनकी आपत्तियों को सुने बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इसी बात को लेकर व्यापारियों और विभागीय कर्मचारियों के बीच विरोध की स्थिति बन गई।
मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा और कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ता भी व्यापारियों के समर्थन में पहुंच गए। इससे विरोध और तेज हो गया। स्थिति को देखते हुए विद्युत विभाग के एसडीओ ललित आर्या के साथ व्यापारियों की बैठक हुई। इसमें स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर चर्चा की गई।
व्यापारियों के अनुसार, वार्ता के दौरान फिलहाल नगला बाजार में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य अनिश्चितकाल के लिए रोकने पर सहमति बनी। इसके बाद विरोध शांत हुआ और व्यापारी अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर लौट गए। फिलहाल नगला बाजार में स्मार्ट मीटर लगाने का काम रोक दिया गया है।
