_1671720247

पंतनगर। नगला क्षेत्र में मंगलवार रात एक विवाहिता का शव घर के स्टोर रूम में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया। घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, पुलिस फिलहाल इसे घरेलू कलह मानकर चल रही है।

बिहार की मूल निवासी और वर्तमान में नगला में किराये पर रह रही काजल पत्नी पवन कुमार अपने ससुराल में परिवार के साथ रहती थी। पवन पंतनगर विवि के सामान्य खंड में संविदा में जेई के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच पवन और उसके माता-पिता कहीं गए हुए थे। परिवार के अन्य सदस्य घर पर ही मौजूद थे। कुछ देर बाद परिजनों ने काजल को आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

तलाश करने पर स्टोर रूम का दरवाजा बंद मिला। दरवाजा खोलने पर काजल एग्जॉस्ट फैन से लटकी हुई मिली। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्टोर रूम की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए कमरे को सील कर दिया। काजल को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि काजल की शादी वर्ष 2020 में पवन कुमार से हुई थी और उसकी डेढ़ साल की एक बेटी भी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!