काशीपुर। साइबर ठगों ने परिचित बनकर एक व्यक्ति से एक लाख रुपये की ठगी कर ली। ठग ने फर्जी ट्रांजेक्शन मैसेज भेजकर पीड़ित को झांसे में लिया और उससे अपने बताए खाते में रकम ट्रांसफर करा ली। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी रमेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। अभिवादन के बाद कॉल करने वाले ने कहा कि क्या आप मेरी आवाज पहचान नहीं रहे हैं। इस पर रमेश ने एक परिचित का नाम लेते हुए पूछा कि क्या आप अमुक बोल रहे हैं। कॉल करने वाले ने हां कहकर अपनी पहचान की पुष्टि कर दी।
इसके बाद ठग ने कहा कि उसने रमेश के खाते में एक लाख रुपये भेज दिए हैं और रकम का मैसेज भी उनके मोबाइल पर आ गया होगा। उसने अनुरोध किया कि यह राशि उसके बताए गए दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी जाए। मोबाइल पर आए मैसेज को सही मानकर रमेश कुमार ने एक लाख रुपये संबंधित खाते में भेज दिए।
बाद में जब उन्होंने अपने खाते का बैलेंस चेक किया तो पता चला कि उनके खाते से एक लाख रुपये कट चुके हैं, लेकिन उनके खाते में कोई रकम आई ही नहीं थी। तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर भरोसा कर धनराशि ट्रांसफर न करें तथा पहले बैंक खाते में राशि आने की पुष्टि अवश्य कर लें।
