दिनेशपुर। साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति के मोबाइल नंबर को हैक कर उसके बैंक खातों से 1.74 लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोतीपुर नंबर-1 निवासी बिशन सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि पांच जून को उनके मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक आया था। उन्होंने अनजाने में उस लिंक पर क्लिक कर दिया, जिसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। आरोप है कि साइबर ठगों ने दिनेशपुर स्थित उनके एसबीआई के अलग-अलग खातों से गूगल पे के माध्यम से कुल 1.74 लाख रुपये निकाल लिए।
जब उन्हें खाते से रकम निकलने की जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं खटीमा में एक लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है
खटीमा। क्षेत्र निवासी आनंद मोहन पांडेय ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके साथ एक लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई है। आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें ऑनलाइन धमकाकर और डराकर ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन लेन-देन से सतर्क रहें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
