depositphotos_6187523-stock-photo-dead-man

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की नारायण कॉलोनी में एक युवक का सड़ा-गला शव उसके किराये के कमरे से बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और जिला फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार 23 जून की सुबह डीसीआर के व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना मिली कि नारायण कॉलोनी में रहने वाला एक युवक कई दिनों से फोन नहीं उठा रहा था। जब उसका भाई कमरे पर पहुंचा तो युवक बेड पर मृत अवस्था में पड़ा मिला।

सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी निरीक्षक महेश कांडपाल पुलिस टीम और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान युवक का शव कमरे में सड़ी-गली हालत में मिला। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह एक एमएमटी कंपनी में कार्यरत था और लंबे समय से किराये पर रह रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि मकान मालिक के परिवार ने युवक की संदिग्ध स्थिति की जानकारी उसके परिजनों को दी थी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। कमरे की गहन तलाशी के दौरान पुलिस को किसी प्रकार के संघर्ष या संदिग्ध वस्तु के निशान नहीं मिले। परिजनों ने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

error: Content is protected !!