उत्तर प्रदेश के जिला बिजनौर के नहटौर क्षेत्र के एक गांव निवासी मुस्लिम समाज की युवती का गांव के ही सैनी समाज के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जानकारी होने पर युवती के स्वजन ने उसका निकाह कुछ दिन पहले कर दिया। लेकिन ने निकाह के बाद युवती मायके वापस आ गई। रविवार की शाम युवती अचानक प्रेमी के घर पहुंची और मांग में सिंदूर भर लिया।
साथ ही खुद को प्रेमी की पत्नी बताकर साथ रहने की जिद पकड़ ली। सूचना पर युवती के स्वजन भी मौके पर पहुंचे और उसे समझाने का प्रयास किया। लेकिन युवती अपनी जिद पर अड़ी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी समझाने का प्रयास किया। बाद में दोनों पक्षों के स्वजन से बात की गई। जिसके बाद दोनों के स्वजन ने नए रिश्ते को सहमति दे दी।
नहटौर क्षेत्र निवासी एक प्रेमी युगल की शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। गांव निवासी मुस्लिम समाज की युवती का अपने ही गांव के सैनी समाज के युवक से पिछले आठ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जानकारी होने पर दोनों के स्वजन ने उन्हें समझाया, लेकिन रिश्ता जारी रहा।
कुछ दिन पहले युवती के स्वजन ने उसका निकाह पड़ोस के ही एक गांव निवासी युवक से कर दिया। लेकिन युवती ने अपने संबंधों की जानकारी अपने पति को दे दी और मायके आ गई। ससुराल पक्ष ने भी उसे साथ रखने से इंकार कर दिया। उधर, रविवार की शाम युवती अपनी प्रेमी के घर पहुंची और अपनी मांग में सिंदूर भरकर युवक के साथ रहने की जिद पकड़ ली। युवती ने खुद को प्रेमी की पत्नी बताया।
उधर, युवती के अचानक घर आने से युवक के स्वजन घबरा गए और उन्होंने उसके स्वजन को सूचना दी। गांव में बात फैलते ही भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों और स्वजन ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवती जिद पर अड़ी रही। बाद में पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई।
यहां भी बातचीत शुरू कराई। लेकिन युवती की जिद के सामने सब हार गए और अंत में दोनों परिवारों के बीच सहमति बन गई और प्रेमी युगल के रिश्ते को स्वीकार कर लिया गया। थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया और अपने घर चले गए। किसी ने कोई लिखित शिकायत भी नहीं की थी।
