5a68d4d9-88d7-4083-80be-2982d5730956_1782818147913

काशीपुर। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंतजार हुसैन ने उत्तराखंड सरकार द्वारा मदरसा बोर्ड के स्थान पर सामान्य शिक्षा बोर्ड लागू करने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला अल्पसंख्यक समाज के बच्चों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और प्रतिस्पर्धी शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इंतजार हुसैन ने कहा कि सामान्य शिक्षा बोर्ड लागू होने से छात्रों को विज्ञान, गणित, अंग्रेजी और कंप्यूटर जैसे आधुनिक विषयों की बेहतर शिक्षा मिलेगी। इससे वे मेडिकल, इंजीनियरिंग, सिविल सेवा समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अधिक प्रभावी ढंग से कर सकेंगे और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम बनेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य धार्मिक शिक्षा को समाप्त करना नहीं, बल्कि आधुनिक शिक्षा के साथ उसका समन्वय स्थापित करना है। इससे छात्र धार्मिक मूल्यों के साथ-साथ समकालीन ज्ञान और तकनीकी कौशल भी हासिल कर सकेंगे।

इंतजार हुसैन ने विश्वास जताया कि इस निर्णय से मदरसों में शिक्षा की गुणवत्ता, बुनियादी सुविधाओं और पारदर्शिता में सुधार होगा। साथ ही राज्य के हजारों विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा, जिससे उनका भविष्य अधिक उज्ज्वल और सशक्त बनेगा।

error: Content is protected !!