बाजपुर। उम्र के इस पड़ाव में जब माता-पिता को अपने बच्चों के सहारे और सम्मान की सबसे अधिक जरूरत होती है, उसी समय बाजपुर में एक बुजुर्ग दंपती ने अपने ही बेटों पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है।
दंपती का कहना है कि जिन बेटों को उन्होंने पाल-पोसकर बड़ा किया, आज वही उन्हें उनके घर से बेदखल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कोतवाली पहुंचकर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
नगरीय क्षेत्र के रहने वाले दंपती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जिस मकान में वे रह रहे हैं, वह उनकी जीवनभर की कमाई से खरीदा गया है और उनकी पत्नी के नाम दर्ज है।
मकान के निर्माण के लिए उन्होंने एक बैंक की बाजपुर शाखा से आठ लाख रुपये का ऋण लिया था। आर्थिक तंगी के कारण बाद में ऋण की कुछ किश्तें उनके दोनों बेटों ने जमा कर दीं।
आरोप है कि अब बेटे इसी बात को आधार बनाकर मकान पर अपना अधिकार जताते हैं और उन्हें घर छोड़ने के लिए दबाव बना रहे हैं। दंपती का आरोप है कि पिछले कुछ समय से दोनों बेटे उनके साथ लगातार गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं।
कई बार उनके कमरों में ताला लगाकर उन्हें अपने ही घर में रहने से रोका गया। इस व्यवहार से वे मानसिक रूप से आहत और शारीरिक रूप से असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनका कहना है कि वृद्धावस्था में उन्हें सम्मान और सहारे की उम्मीद थी, लेकिन अब अपने ही घर में भय के साए में जीवन बिताना पड़ रहा है।
पीड़ित दंपती ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
