रुद्रपुर। फोन पर बात करने से इंकार करने के बाद मुस्लिम युवक बार-बार युवती को काल कर परेशान करने लगा। यही नहीं जब पीड़िता डयृटी करने अस्पताल आती तो आरोपित भी बस में सितारगंज से रुद्रपुर तक पीछा करता। इससे परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सितारगंज निवासी युवती ने बताया कि वह रुद्रपुर स्थित एक निजी अस्पताल में काम करती है। पांच साल पहले सितारगंज निवासी आजम से उसकी इंस्टाग्राम पर बातचीत हुई। इसके बाद उनके बीच फोन पर भी वार्ता होने लगी।
करीब दो साल पहले उसने आजम से बात करने के लिए फोन काल करने से मना कर दिया था। बावजूद इसके आजम लगातार फोन कर उसे परेशान करता रहता है। युवती के अनुसार, जब भी वह सितारगंज से बस में डयूटी करने आती है तो आजम बस से उसका पीछा करते हुए रुद्रपुर तक आता है। कई बार अस्पताल के बाहर आकर भी उसे परेशान करता रहता है। उसने पुलिस से आरोपित पर कार्रवाई की मांग की है।
सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आजम पर प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। आरोपित की तलाश की जा रही है, इसके लिए पुलिस टीम लगी हुई है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
