रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप में इलेक्ट्रानिक दुकान स्वामी ने नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया। इसका पता चलते ही स्थानीय लोगों ने आरोपित की धुनाई लगा दी। जिसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
ट्रांजिट कैंप चामुंडा मंदिर के पास एक इलेक्ट्रानिक की दुकान है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को एक नौ साल की बच्ची पास में ही खेल रही थी। इसी बीच दुकान स्वामी आया और बच्ची को बहला फुसलाकर दुकान पर ले गया। जहां उससे दुष्कर्म का प्रयास किया।
किसी तरह से बच्ची उसके चंगुल से बचकर घर पहुंची और स्वजन को आपबीती सुनाई। इसके बाद स्वजन और आसपास के लोग दुकान पर पहुंचे और आरोपित की धुनाई लगा दी। इस दौरान आरोपित मौका मिलते ही फरार हो गया। हालांकि लोगों का कहना है कि पुलिस को सूचना दी गई लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास की सूचना मिली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। तहरीर का इंतजार किया जा रहा है, इसके बाद आरोपित पर प्राथमिकी पंजीकृत की जाएगी।
