how-to-file-fir

बाजपुर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के केलाखेड़ा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्रा को तमंचे के बल पर रोकने और उसके परिवार को गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में एक महिला ने बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी जीआईसी गदरपुर की छात्रा है। 7 जुलाई को वह अपनी बुआ के घर से लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में कुछ युवकों ने उसे तमंचे की नोक पर रोक लिया और डराने-धमकाने लगे।

पीड़िता की मां के अनुसार आरोपियों ने छात्रा के माता-पिता समेत पूरे परिवार को गोली मारने की धमकी दी। घटना के बाद से छात्रा मानसिक रूप से सहमी हुई है। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

केलाखेड़ा थाना प्रभारी एसओ ललित चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुलाब माजरा निवासी बलविंदर सिंह उर्फ विक्की और रिंकू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

error: Content is protected !!