file

बाजपुर ग्राम गोबरा नंबर-8 में खैर की लकड़ी के विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए टकराव के दौरान चली गोली से 27 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घायल मंदीप सिंह निवासी गोबरा नंबर-8 के स्वजन के अनुसार गांव के पास स्थित एक निजी रास्ते से खैर की अवैध लकड़ी ले जाने को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। आरोप है कि 10 जुलाई की रात खैर की लकड़ी से लदी एक बाइक को रोककर उसकी चाबी निकाल ली गई थी। इस दौरान कथित तौर पर लकड़ी तस्करों ने विरोध करने वालों को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

मामले में बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। ग्रामीणों के अनुसार बढ़ते विवाद को सुलझाने के लिए रविवार को गांव के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पंचायत प्रस्तावित थी, लेकिन पंचायत शुरू होने से पहले ही शाम करीब साढ़े चार बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

आरोप है कि दूसरे पक्ष के 14-15 लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंचे और हमला कर दिया। इसी दौरान चली गोली मंदीप सिंह को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोग बंजारी के जंगल से अवैध रूप से खैर की लकड़ी लाकर इसी रास्ते से आवाजाही करते हैं। गांव के कुछ लोग इसका लगातार विरोध कर रहे हैं, जिसके चलते पहले भी कई बार दोनों पक्षों में विवाद हो चुका है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संबंधित आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। गोबरा नंबर-8 में गोलीकांड से एक दिन पहले ही पीड़ित पक्ष ने बन्नाखेड़ा पुलिस चौकी में जान से मारने और गोली मारने की धमकी दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस उस शिकायत की जांच कर ही रही थी कि रविवार को विवाद दोबारा भड़क गया और गोली चलने की घटना हो गई। गांव निवासी बलविंदर सिंह 11 जुलाई को पुलिस को दी तहरीर में तीन लोगों को नामजद करते हुए 15-20 अन्य पर आरोप लगाया था कि 10 जुलाई की रात करीब साढ़े आठ बजे वे खैर की लकड़ी के गिल्टे बाइकों पर लादकर उनके घर के सामने से गुजर रहे थे।

error: Content is protected !!