इटावा: सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तोड़ा गांव में युवक आनंद राजपूत उर्फ महबूब की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, युवक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पहले दूध में नींद की गोलियां देकर पति को बेहोश किया, फिर अंगोछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटका दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल सामान भी बरामद कर लिया है।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार रात आनंद का शव घर के अंदर पंखे से लटका मिला था। मृतक के पिता सुघर सिंह राजपूत की तहरीर पर पत्नी आशिकी देवी और उसके प्रेमी शिवम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ के दौरान पत्नी के बयान बार-बार बदलने पर पुलिस को शक हुआ। सख्ती से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद प्रेमी शिवम को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आशिकी और गांव के ही रिश्ते के भतीजे शिवम के बीच प्रेम संबंध थे। मार्च में आनंद ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया था और शिवम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। जेल से जमानत पर छूटने के बाद दोनों ने आनंद से बदला लेने की साजिश रची। वारदात से चार दिन पहले शिवम ने आशिकी को एक कीपैड मोबाइल और नया सिम उपलब्ध कराया, ताकि दोनों बिना किसी शक के संपर्क में रह सकें।
घटना वाली रात दूध में नींद की गोलियां मिलाकर आनंद को बेहोश किया गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर अंगोछे से उसका गला घोंट दिया और हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे से लटका दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम कराया। फॉरेंसिक जांच में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और करीब 10 घंटे की पड़ताल के बाद पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल अंगोछा, मृतक की सोने की अंगूठी, एंड्रॉयड मोबाइल और साजिश में इस्तेमाल किया गया कीपैड मोबाइल बरामद कर लिया है।
