mahila2094366835x547-m1602887830_1716796694

रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रही एक महिला से शनिवार सुबह दिनदहाड़े झपट्टामार ने कानों के कुंडल खींच लिए। हालांकि महिला की सूझबूझ और राहगीरों की तत्परता से दोनों कुंडल बरामद कर उसे वापस दिला दिए गए। भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया।

शिमला बहादुर वार्ड नंबर-1 निवासी मीना देवी ने बताया कि वह मूल रूप से बरेली जिले के शीशगढ़ क्षेत्र की रहने वाली हैं। शनिवार सुबह करीब सात बजे वह सिडकुल स्थित एक कंपनी में ड्यूटी के लिए पैदल जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक युवक ने उन्हें दो-तीन बार आवाज लगाई लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया।

आरोप है कि कुछ दूर आगे बढ़ने पर युवक ने पीछे से आकर उनके दोनों कानों पर झपट्टा मारते हुए कुंडल खींच लिए। अचानक हुए हमले से घबराई महिला ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद राहगीरों ने युवक का पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से दोनों कुंडल बरामद कर महिला को लौटा दिए गए। इसी बीच मौके पर भीड़ बढ़ने और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर आरोपी लोगों को चकमा देकर फरार हो गया।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश और मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!