चार दिन से लापता 13 वर्षीय किशोर का शव शनिवार सुबह कल्याणी नदी में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने किशोर के सिर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
खेड़ा वार्ड-17 निवासी रियासत अली का 13 वर्षीय पुत्र रिजवान 21 जुलाई से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह झील के पास कल्याणी नदी में मछली पकड़ने गए लोगों ने नदी में एक किशोर का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। रम्पुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त रिजवान के रूप में कराई। सूचना मिलते ही परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। सीओ विभव सैनी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
