depositphotos_6187523-stock-photo-dead-man

दिनेशपुर। अज्ञात कारणों के चलते दिनेशपुर निवासी महिला ने जहर खा लिया। इससे उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वहीं पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका के मायके वालों ने ससुरालियों पर उससे मारपीट कर विषाक्त पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना था कि मृतका के मुंह से खून निकल रहा था।

मूलरूप से मूड़ी देवथल पिथौरागढ़ निवासी कंचन सामंत पत्नी ललित मोहन सामंत दिनेशपुर में श्रीराम कालोनी में रहती थी। रविवार शाम को कंचन सामंत ने अज्ञात कारणों के चलते जहर खा लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इस पर पति समेत अन्य स्वजन उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंची दिनेशपुर थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस दौरान मृतका के पति ललित मोहन सामंत ने बताया कि रविवार शाम वह धान की पौध रोपने के लिए घर ले गया था। इस दौरान उसने पत्नी कंचन से कहा कि खाना दे दो, इसके बाद धान की पौध लगाना है। इस पर पत्नी अंदर चली गई। काफी देर तक इंतजार करने पर भी जब वह बाहर नहीं आई तो वह अंदर गया। जहां उसकी पत्नी उल्टी कर रही थी। इस पर उसे निजी अस्पताल ले गया था।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतका की मां विमा देवी, पिता राम सिंह, मामा हिम्मत सिंह और महेश सिंह समेत अन्य मायके वाले भी पहुंच गए। उन्होंने पुत्री का उत्पीड़न और उससे मारपीट करने का आरोप लगाया। आशंका जताई कि ससुरालियों ने उसे विषाक्त पदार्थ देकर मारा है, उसके मुंह से खून भी निकल रहा था। मायके वालो ने बताया कि वर्ष, 2015 में ललित मोहन की पहली पत्नी की मौत हो गई थी, उनके दो बच्चे हैं। इसके बाद वर्ष, 2016 में कंचन से दूसरी शादी की। जिसके बाद उनकी एक पुत्री हुई।

इधर, थानाध्यक्ष दिनेशपुर पंकज कुमार ने बताया प्रथम दृष्टया महिला के विषाक्त पदार्थ खाने से मौत की आशंका है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच की जा रही है, इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!