काशीपुर। बीती शाम चीमा चौराहे पर रेलवे फाटक के पास एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गौरव पुत्र स्व. सतीश कश्यप निवासी चतरपुर मेवला, रामपुर के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने मृतक के मामा की तहरीर पर प्राथमिकी पंजीकृत कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सुनील कश्यप निवासी चांदपुर, हेमपुर डिपो ने बताया कि 26 जुलाई की शाम लगभग 7:40 बजे पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि उनके भांजे गौरव को चाकू लगा है और उसकी मृत्यु हो चुकी है। जब वह मोर्चरी पहुंचे, तो वहां गौरव के दोस्त मुकीम ने घटना का आंखों देखा हाल बताया।
मुकीम के अनुसार, शाम लगभग सात बजे चीमा चौराहे के पास रेलवे फाटक के समीप अबूला उर्फ गुल्लू निवासी अल्ली खां, काशीपुर ने गौरव के सीने में चाकू घोंप दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। तहरीर मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी ने बताया कि आरोपित की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
जल्द ही आरोपित को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों के अनुसार, मृतक के माता-पिता नहीं है। वह अपने मामा के साथ ही चांदपुर में रहता था और टेंट हाउस में काम करता था। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया नशे और कुछ पैसों के लेन-देन की बात सामने आई है। आरोपित के पकड़े जाने पर ही हत्या के असल कारणों का पता चलेगा।
