udham-singh-nagar-accident-1786443218286_m

उत्तराखंड। बाजपुर मोटेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर लौट रहे कांवड़ियों की बाइक मंगलवार को बाजपुर-कालाढूंगी मार्ग पर गड़प्पू जंगल के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार छह लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। चार घायलों को उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से तीन को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हजीरा निवासी प्रमोद पुत्र सतराम यादव मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मोटेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने गए थे। जल चढ़ाने के बाद वह अपने पुत्र मोहित और पहाड़पुर निवासी राहुल पुत्र भूरा सिंह के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
इसी दौरान गड़प्पू जंगल के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।दूसरी बाइक पर कालाढूंगी निवासी रिहान पुत्र जाने अली, आरिफ पुत्र कश्मीर अली और मौसिम पुत्र साबिर सवार थे।
बताया गया कि तीनों युवक बाजपुर से बरहैंनी होते हुए बेल्डिंग का सामान लेकर कालाढूंगी जा रहे थे। आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और सभी सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल उप जिला चिकित्सालय बाजपुर पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार प्रमोद की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। वहीं रिहान और आरिफ को भी बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया। मोहित और मौसिम को मामूली चोटें आई हैं। हादसे में घायल राहुल का भी उपचार किया गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया दोनों बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत से हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि प्रमोद और रिहान की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

error: Content is protected !!