958850-cyllinder

LPG e-KYC Deadline: घरेलू गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी को लेकर उपभोक्ताओं को अब गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। वे अपने मोबाइल फोन से घर बैठे ही ई-केवाईसी पूरी कर सकते हैं। 15 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन बंद किए जा सकते हैं। ऐसे में आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं से समय रहते सत्यापन कराने की अपील की है।

देहरादून जिले में विभिन्न तेल कंपनियों की 70 गैस एजेंसियों से 7,73,356 उपभोक्ता जुड़े हैं। इनमें अब तक 5,64,642 उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है, जबकि 2,08,714 उपभोक्ता अभी सत्यापन से वंचित हैं। जिले में इंडियन आयल की 53, भारत पेट्रोलियम की 10 और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की सात गैस एजेंसियां हैं।

जिला आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि उपभोक्ता संबंधित गैस कंपनी का आधिकारिक मोबाइल एप डाउनलोड कर ई-केवाईसी कर सकते हैं। इंडेन के लिए इंडियनआयल वन, भारत गैस के लिए हेलो बीपीसीएल और हिंदुस्तान गैस के लिए एचपी पे एप का इस्तेमाल किया जा सकता है। फेस सत्यापन के लिए आधार फेस एप की आवश्यकता होगी। पंजीकृत मोबाइल नंबर से एप में प्रवेश कर ई-केवाईसी विकल्प चुनने के बाद फेस स्कैन के जरिए सत्यापन पूरा किया जा सकता है।

आपूर्ति विभाग ने सभी गैस एजेंसी संचालकों और डिलीवरी मैन को उपभोक्ताओं से संपर्क कर उन्हें ई-केवाईसी के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। यदि मोबाइल से स्वयं ई-केवाईसी करने में दिक्कत आती है तो उपभोक्ता संबंधित गैस एजेंसी के कार्यालय में जाकर सत्यापन करा सकते हैं। विभाग का उद्देश्य 15 अगस्त तक अधिक से अधिक उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी पूरी कराना है।

error: Content is protected !!