121572320

उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ जल्द धरातल पर उतरने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी योजना को पहले ही अनुमोदन प्रदान कर चुके हैं। अब जल्द ही मुख्यमंत्री इसका विधिवत उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

 

युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस योजना को तैयार किया गया है। योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निश्शुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के तहत सिविल सर्विसेज (यूपीएससी/पीएससी), रक्षा सेवाओं (सीडीएस), बैंकिंग, रेलवे और एसएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।इसके साथ ही प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश एवं पात्रता निर्धारण के लिए आयोजित होने वाली कैट, मैट, गेट, नीट और सीएसआइआर-नेट जैसी परीक्षाओं को भी योजना में शामिल किया गया है। विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए अध्ययन सामग्री और मार्गदर्शन ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाएगा।

योजना का सबसे अधिक लाभ दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों को मिलने की उम्मीद है। आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण महंगी कोचिंग से वंचित रहने वाले विद्यार्थियों को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और मार्गदर्शन मिल सकेगा। इससे पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समान अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

error: Content is protected !!