काशीपुर शहर के आईटीआई थाना क्षेत्र की ओम विहार कॉलोनी में 34 वर्षीय युवक छत पर बने कुंडे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार कर्ज से परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। आईटीआई कोतवाल मोहन पांडेय ने बताया कि 31 अगस्त की रात 11.13 मिनट पर ओम विहार कालोनी निवासी कमल हलदार ने पुलिस को उनके भांजे निगम मजमूदार के फांसी लगाने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई तो निगम अचेत अवस्था में पड़ा पाया गया। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। निगम अपनी मां उत्तरा देवी के साथ रहता था। वह टेंपो चलाकर स्कूल के बच्चे लाने ले जाने का काम करता था। उसकी मां काशीपुर में एक डाॅक्टर के घर खाना बनाने का काम करती हैं। बहन ब्यूटी ने बताया कि काम पर से उसकी मां ने निगम को 8-9 बार कॉल की, लेकिन उसका फोन नहीं उठा। सूचना पर रिश्तेदार सूरज और हरिदास उसके घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद पाया गया। पड़ोस की छत से कमरे में पहुंचने पर निगम कुंडे से लटका मिला। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि परिजनों की तरफ से फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
