depositphotos_6187523-stock-photo-dead-man

पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के बायोटेक विभाग में संविदा में कार्यरत कर्मचारी महेंद्र सिंह की मंगलवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। वह ड्यूटी समाप्त करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान लालकुआं से रुद्रपुर की ओर जा रहे कंटेनर ने उन्हें पत्थरचट्टा के समीप टीडीसी के सामने टक्कर मार दी। हादसे में महेंद्र का पैर बुरी तरह कुचल गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मंगलवार को 112 से पुलिस को सूचना मिली कि सड़क किनारे एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पंतनगर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल की पहचान महेंद्र सिंह निवासी काली नगर के रूप में हुई। बताया गया कि वह बायोटेक विभाग, पंतनगर में संविदा कर्मी थे और ड्यूटी के बाद लगभग पांच बजे घर लौट रहे थे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने कंटेनर संख्या UK04CB9372 और उसके चालक को कब्जे में ले लिया। पंतनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। महेंद्र की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। उनकी दोनों बेटियों ने हाल ही में पंतनगर में परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रवेश लिया था। वहीं, एक बेटे का मंगलवार को गोरखपुर में बीटेक में प्रवेश होना था। परिवार के लिए यह हादसा बेहद दुखद रहा। पंतनगर थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि कंटेनर और चालक को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!