देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने उत्तराखंड वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
कुल 200 पदों में 105 पद सामान्य वर्ग, 39 पद अनुसूचित जाति, 27 पद अन्य पिछड़ा वर्ग, 21 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और 8 पद अनुसूचित जनजाति के लिए निर्धारित हैं। इसके अलावा नियमानुसार महिला, भूतपूर्व सैनिक, अनाथ, उत्कृष्ट खिलाड़ी और आंदोलनकारियों को क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा।
शैक्षिक योग्यता और आयु सीमा
स्केलर पद के लिए अभ्यर्थी का विज्ञान या गणित विषय के साथ 12वीं पास होना जरूरी है। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी। अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष होनी चाहिए। उत्तराखंड के आरक्षित वर्गों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
महत्वपूर्ण तारीखें
ऑनलाइन आवेदन शुरू: 22 सितंबर 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 22 अक्टूबर 2026
आवेदन में संशोधन: 26 से 27 अक्टूबर 2026
शारीरिक दक्षता परीक्षा: 19 नवंबर 2026 से प्रस्तावित
दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
स्केलर पदों पर चयन दो चरणों में होगा। पहले चरण में शारीरिक मानक एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। यह परीक्षा अर्हकारी प्रकृति की होगी। शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को चार घंटे में 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को चार घंटे में 14 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को इसके बाद शॉट पुट, लंबी कूद और ऊंची कूद में भाग लेना होगा।शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए दूसरे चरण में 100 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की अवधि दो घंटे होगी और यह वस्तुनिष्ठ एवं ऑफलाइन होगी। इसमें शैक्षिक योग्यता से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-चौथाई अंक की निगेटिव मार्किंग होगी।
आवेदन शुल्क
सामान्य एवं उत्तराखंड ओबीसी: 300 रुपये
उत्तराखंड एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस एवं दिव्यांग: 150 रुपये
अनाथ अभ्यर्थी: कोई शुल्क नहीं
