हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में 30 रुपये के केले खरीदकर यूपीआई से भुगतान करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। भुगतान के कुछ ही समय बाद उसके दोनों बैंक खातों से 2.21 लाख रुपये से अधिक की रकम अलग अलग खातों में ट्रांसफर हो गई। खाते में बैलेंस कम मिलने पर पीड़ित को साइबर फ्रॉड का पता चला। उसने साइबर क्राइम शाखा और बैंक हेल्पलाइन को सूचना देने के बाद मुखानी थाने में तहरीर दी है। कमलुआगांजा निवासी व्यक्ति के अनुसार 12 सितंबर को वह दवा लेने ईसीएचएस आर्मी कैंट गया था। करीब 11ः30 बजे घर लौटते समय नैनीताल बैंक मुखानी के पास उसने फल विक्रेता से 30 रुपये के केले खरीदे और यूपीआई से भुगतान किया। करीब 12ः30 बजे घर पहुंचने के बाद उसने बैंक खातों का बैलेंस चेक किया तो एक खाते में महज 175 रुपये और दूसरे में 385 रुपये ही शेष थे। इसके बाद वह एसबीआई कुसुमखेड़ा शाखा पहुंचा, लेकिन बैंक बंद मिला। दोपहर करीब 1ः30 बजे उसने हल्द्वानी साइबर क्राइम शाखा में शिकायत दर्ज कराई और एसबीआई हेल्पलाइन पर भी फ्रॉड की सूचना दी। दोनों बैंक खाते ब्लॉक करा दिए गए। तहरीर के अनुसार दोपहर 12 से 1 बजे के बीच साइबर अपराधियों ने दोनों खातों से अलग अलग नामों पर कुल 2,21,568-44 रुपये ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच पुलिस कर रही है।
