2022_5image_11_02_398743214arrested

काशीपुर। कोतवाली आईटीआई पुलिस ने घर से लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी को पंजाब के अमृतसर जिले से बरामद कर लिया है। पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर की सुबह किशोरी अपने घर से बिना बताए चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने 9 सितंबर को कोतवाली आईटीआई में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा संख्या 285/2026 दर्ज करते हुए धारा 140(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाने के साथ ही मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद ली। जांच के दौरान पुलिस को किशोरी के अमृतसर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 17 सितंबर को पंजाब के अमृतसर जिले के वेरका गांव से किशोरी को बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, किशोरी आरोपी लवजीत सिंह के पास से बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से पीलीभीत जिले के पूरनपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वर्तमान में वह कोतवाली आईटीआई क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। जांच के दौरान किशोरी के बयान और सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 87 बीएनएस तथा धारा 16/17 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। किशोरी की बरामदगी में उपनिरीक्षक मीनाक्षी मनराल, अपर उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल सिराज हुसैन और एसओजी काशीपुर के हेड कांस्टेबल कैलाश तोमक्याल शामिल रहे।

error: Content is protected !!