IMG_20260923_081733

बरेली। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को राजश्री ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में 50 से अधिक निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और करीब 5 हजार रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। यह रोजगार मेला उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होगा। मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, पॉलीटेक्निक और बीटेक उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे।

मेले में पहुंचने वाले अभ्यर्थियों का उनकी योग्यता और आवेदन के आधार पर कंपनियों की ओर से साक्षात्कार लिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी और पद के अनुसार मौके पर ज्वाइनिंग लेटर दिए जाने की बात कही गई है। वेतन करीब 15 हजार से 35 हजार रुपये प्रतिमाह तक होने की जानकारी दी गई है।

इस रोजगार मेले में बरेली के महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग एवं मेडिकल संस्थानों, आईटीआई और कौशल विकास मिशन के प्रशिक्षण केंद्रों के अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं।

अभ्यर्थियों को मेले में शामिल होने से पहले रोजगार संगम पोर्टल और नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों के लिए मेला स्थल पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी रहेगी, जहां से ऑफलाइन फॉर्म लेकर आवेदन किया जा सकेगा।

error: Content is protected !!