देहरादून। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से 29 सितंबर को देहरादून में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में निजी क्षेत्र की 18 कंपनियां शामिल होंगी और विभिन्न पदों पर 904 युवाओं के चयन का अवसर मिलेगा।
रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा। देहरादून के अलावा अन्य जिलों के बेरोजगार युवा भी इसमें प्रतिभाग कर सकते हैं। अभ्यर्थियों के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में पूर्व पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। मेले के दिन भी पंजीकरण कराया जा सकेगा।
दुबई में भी नौकरी का मौका
रोजगार मेले में विदेश में रोजगार का अवसर भी मिलेगा। सेवायोजन विभाग की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत दुबई के निर्माण क्षेत्र में रोजगार के लिए आईटीआई प्रमाणपत्र धारक अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए हैं। फ्रेशर अभ्यर्थियों के लिए छह माह का अनुभव और न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है।
इन कंपनियों में नौकरी का अवसर
रोजगार मेले में कैंप 108, स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड, बजाज ऑटो, बजाज कैपिटल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा मोटर्स, आरएसपीएल मैनपावर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बार्बीक्यूनेशन, अकल इन्फॉर्मेशन सिस्टम लिमिटेड गुरुग्राम, मेंटर वाटर एक्सपर्ट और नील मेटल हरिद्वार समेत 18 कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
बायोडाटा
मूल शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाणपत्र
प्रमाणपत्रों की छायाप्रतियां
सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड
वैध पहचान पत्र
