IMG_20260924_213136

बिना पंजीकरण और निर्धारित चिकित्सकीय योग्यता के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतों पर स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को किच्छा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संजीव कुमार गोस्वामी के निर्देश पर विभागीय टीम ने किच्छा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तीन क्लीनिकों को सील कर दिया गया।

डा. सुधीर गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न क्लीनिकों में दस्तावेज और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की जांच की। टीम के अनुसार बालाजी डेंटल क्लीनिक में निरीक्षण के दौरान कोई अधिकृत चिकित्सक मौजूद नहीं मिला।

क्लीनिक के संचालन से संबंधित वैध पंजीकरण दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसी तरह जगदंबा क्लीनिक में अनिल शर्मा नामक व्यक्ति द्वारा उपचार किए जाने की बात सामने आई। टीम के अनुसार वह वैध मेडिकल डिग्री प्रस्तुत नहीं कर सका।

वहीं, बंडिया स्थित संजीवनी क्लीनिक से संबंधित अस्पताल पंजीकरण और चिकित्सा योग्यता के आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले। तीनों क्लीनिकों को मौके पर सील कर दिया गया। सीएमओ डा. संजीव कुमार गोस्वामी ने कहा कि बिना वैध पंजीकरण अथवा निर्धारित चिकित्सकीय योग्यता के चिकित्सा सेवाएं संचालित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग आने वाले दिनों में ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ निरीक्षण अभियान और तेज करेगा।

error: Content is protected !!