22_09_2024-caller_23802178

काशीपुर। कचनाल गाजी क्षेत्र में एक छात्रा को फोन पर धमकी मिलने का मामला सामने आया है। अज्ञात युवक ने छात्रा के पिता को फोन कर धमकी दी कि यदि उनकी बेटी ने उसका फोन नहीं उठाया, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। इस धमकी से डरे-सहमे पिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित पिता ने बताया कि बीते सोमवार की रात उनके मोबाइल पर एक अज्ञात युवक की काल आई। आरोपी ने कहा, तुम्हारी बेटी का नंबर मेरे पास है और वह मेरा फोन नहीं उठा रही है, यदि उसने मेरा फोन नहीं उठाया, तो अंजाम भुगतने को तैयार रहना।

जब पिता ने इस संबंध में अपनी बेटी से बात की, तो उसने बताया कि धमकी देने वाला युवक पूर्व में उसके साथ एक ही कालेज में पढ़ता था। एडमिशन के समय भी आरोपित उसे लगातार परेशान करता था, जिससे तंग आकर उसने वह कालेज छोड़ दिया था। बीच में भी युवक की काल आई थी, जिसे छात्रा ने नजरअंदाज कर दिया था। लगातार मिल रही धमकियों के कारण छात्रा काफी डरी और सहमी हुई है। डर के माहौल के चलते उसने स्कूल जाना भी बंद कर दिया है। पिता ने बेटी की जान और इज्जत को खतरा बताते हुए पुलिस से आरोपित को जल्द गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है।

सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात युवक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एसआइ कौशल भाकुनी को सौंपी गई है। आरोपित की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!