हरिद्वार। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से जिला सेवायोजन कार्यालय हरिद्वार में बुधवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सुबह साढ़े दस बजे से प्रारंभ होने वाले मेले में कई प्रतिष्ठित निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने बताया कि रोजगार मेले में सिस्कोल, हरिद्वार, एपेक्स कंप्यूटर प्राइवेट लिमिटेड, ग्रेट बांड ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड, एसको लाजिस्टिक्स, युवाशक्ति फाउंडेशन, सहयोग प्राइवेट क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, करन एचआर, एसआइएस सिक्योरिटी सर्विसेज और पुखराज हेल्थकेयर सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठान प्रतिभाग करेंगे। मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक एवं आइटीआइ उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच और अभ्यर्थी उत्तराखंड राज्य के स्थायी निवासी होने चाहिए।
