cyber_fraud_investigation_optimized_50

रुद्रपुर। चालान के नाम पर मोबाइल पर आए एसएमएस लिंक पर क्लिक करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके मोबाइल में गड़बड़ी हुई और कुछ ही समय बाद बैंक खाते से दो बार में कुल 1,73,511 रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ट्रांजिट कैंप के आजाद नगर, वार्ड नंबर-7 निवासी लोकपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मोबाइल पर चालान से संबंधित एक एसएमएस आया था। संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके मोबाइल में एरर आने लगा। उन्होंने इसे सामान्य तकनीकी समस्या समझकर नजरअंदाज कर दिया।

पीड़ित के अनुसार, नौ अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे उनका मोबाइल अपने आप अपडेट होने लगा। इसके बाद उनके बहेड़ी स्थित नैनीताल बैंक की शाखा के खाते से रकम निकल गई। पहली बार गूगल पे के जरिए एक यूपीआई आईडी पर 80 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। इसके बाद दूसरी बार 93,511 रुपये क्लूक ट्रैवल के नाम से दर्ज कलेक्ट आईडी पर चले गए।

लोकपाल का दावा है कि मोबाइल से अलग-अलग नंबरों पर कुछ कोड भी भेजे गए थे। इसके बाद उनके बैंक खाते से रकम निकाली गई। खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

सीओ विभव सैनी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!