हल्द्वानी। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनभूलपुरा पुलिस और कुमाऊं परिक्षेत्र की एएनटीएफ टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 190 इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 अक्टूबर को बनभूलपुरा पुलिस और कुमाऊं परिक्षेत्र की एएनटीएफ टीम ने गौला पार्किंग में जलाल शाह बाबा की मजार के पीछे संयुक्त चेकिंग की। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली। उसके पास मौजूद लाल रंग के बैग से 95 बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन और 95 एविल इंजेक्शन बरामद हुए। सभी इंजेक्शन 10 मिलीलीटर के बताए गए हैं। बरामद इंजेक्शनों की कुल संख्या 190 है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान अदनान कुरैशी निवासी थाना बनभूलपुरा, नैनीताल के रूप में की है। बरामदगी के आधार पर बनभूलपुरा कोतवाली में मुकदमा संख्या 170/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई में बनभूलपुरा पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक जगवीर सिंह और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे। वहीं, एएनटीएफ टीम में उपनिरीक्षक जगदीप सिंह नेगी, उपनिरीक्षक विनोद जोशी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और कांस्टेबल इसरार अहमद शामिल थे। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
