IMG_20261015_135028

किच्छा। ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में बेखौफ बदमाशों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। तड़के करीब साढ़े तीन बजे रुद्रपुर रोड पर चेतक लॉजिस्टिक कंपनी के पास लालपुर निवासी कंपनी कर्मचारी दिनेश चौहान के घर में छह नकाबपोश बदमाश घुस गए। हथियारों के दम पर पूरे परिवार को बंधक बनाकर बदमाश सोने के जेवरात और नकदी लूट ले गए। वारदात के बाद बदमाश घर के बाहर खड़ी स्कूटी भी अपने साथ ले गए।

हथियारों के दम पर परिवार को बनाया बंधक

पीड़ित के अनुसार, सभी छह बदमाश नकाब पहने हुए थे और हथियारों से लैस थे। घर में घुसते ही उन्होंने परिवार के सदस्यों को गन प्वाइंट पर ले लिया और चुप रहने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखी अलमारी और बक्सों को खंगालना शुरू कर दिया।

सोने के जेवर और 50 हजार तक की नकदी ले गए बदमाश

बदमाश घर से सोने के कंगन, करीब तीन तोले सोने के अन्य जेवरात और 40 से 50 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। जाते समय वे घर के बाहर खड़ी स्कूटी भी ले गए। अचानक हुई इस वारदात से परिवार के लोग दहशत में हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाले

घटना की सूचना मिलने पर किच्छा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उनका सुराग लगाया जा सके। छह नकाबपोश बदमाशों द्वारा घर में घुसकर हथियारों के बल पर लूट की इस वारदात से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

error: Content is protected !!