रुद्रपुर। रुद्रपुर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एसी कंप्रेसर, मोटर, व्हर्लपूल कंपनी का एसी कैबिनेट, एसी आउटर के कवर, प्लास्टिक फैन और 45 कनेक्टर वायर समेत चोरी का सामान बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर 2026 की रात मुखबिर से चोरी के सामान के साथ संदिग्धों के आने की सूचना मिली थी।
सूचना पर पुलिस ने सेल्स टैक्स कार्यालय के पास नई मंडी समिति की ओर से आ रहे तीन युवकों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से चोरी का सामान बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान दीपू, मुकेश कुमार और नीरज कुमार के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने बरामदगी के बाद संबंधित एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(2) और 3(5) की बढ़ोतरी की है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
